शुक्रवार, 15 दिसंबर 2023

प्रधानमंत्री 16 दिसंबर को ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के लाभार्थियों से करेंगे संवाद

 नई दिल्ली (रामदेव द्विवेदी)  दिनांक 16 दिसम्बर को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी पांच राज्यों में ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर करेंगे रवाना ! 


देश भर से हजारों ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ लाभार्थी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 16 दिसंबर, 2023 को सायं 4 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के लाभार्थियों से संवाद करेंगे। प्रधानमंत्री इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे।

इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

देश भर से हजारों ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ लाभार्थी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक और स्थानीय स्तर के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।

‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ देश भर में निकाली जा रही है जिसका उद्देश्‍य सरकार की प्रमुख योजनाओं में परिपूर्णता हासिल करना है और इसके तहत यह सुनिश्चित किया जाएगा कि इन योजनाओं का लाभ सभी लक्षित लाभार्थियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे।

गोला-बारूद निर्माण में भारत की आत्मनिर्भरता

नई  दिल्ली (रामदेव द्विवेदी
 रक्षा मंत्रालय ने भारतीय सेना के लिए 10 वर्षों के लिए इलेक्ट्रॉनिक फ़्यूज़ की खरीद के लिए भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के साथ एक ऐतिहासिक अनुबंध-पत्र पर किया हस्ताक्षर ! 
रक्षा मंत्रालय ने आज (15 दिसंबर 2023) 10 साल की अवधि के लिए भारतीय सेना के लिए इलेक्ट्रॉनिक फ़्यूज़ की खरीद के लिए भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल), पुणे के साथ एक ऐतिहासिक अनुबंध-पत्र पर हस्ताक्षर किया। इस अनुबंध की कुल लागत 5,336.25 करोड़ रुपये है। 'आत्मनिर्भर भारत' विज़न के हिस्से के रूप में, 'भारतीय उद्योग द्वारा भारतीय सेना के लिए गोला-बारूद के निर्माण' के तहत गोला-बारूद खरीद के लिए इस अनुबंध-पत्र पर हस्ताक्षर किए गए हैं, जो 10 वर्षों की दीर्घकालिक आवश्यकता के लिए एक सरकारी पहल है। इस परियोजना का उद्देश्य आयात को कम करने के लिए गोला-बारूद के भंडार का निर्माण करना, गोला-बारूद निर्माण में आत्मनिर्भरता प्राप्त करना, महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों को हासिल करना तथा युद्ध सामग्री की आपूर्ति श्रृंखला में आने वाली बाधा के असर को दूर करके गोला-बारूद के भंडार को सुरक्षित करना है।
इलेक्ट्रॉनिक फ़्यूज़ मध्यम से भारी तोपखाने की तोपों का एक अभिन्न अंग हैं, जो सैन्य अभियानों के लिए निरंतर तोपखाने की मारक क्षमता प्रदान करते हैं। फ़्यूज़ को तोपखाने की तोपों में उपयोग के लिए खरीदा जाएगा, जो उत्तरी सीमाओं के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों सहित विभिन्न प्रकार के इलाकों में घातक हमले करने में सक्षम हैं।
भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड इलेक्ट्रॉनिक फ़्यूज़ का निर्माण अपने पुणे और अपने नए नागपुर संयंत्र में करेगा। यह परियोजना डेढ़ लाख मानव दिवसों के लिए रोजगार पैदा करेगी और गोला-बारूद निर्माण में एमएसएमई सहित भारतीय उद्योगों की सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करेगी और देश में गोला-बारूद विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र को व्यापक बनाएगी।

बुधवार, 12 जुलाई 2023

S P के आदेश पर चिल्हिया पुलिस ने महिला मिशन शक्ति जागरूकता अभियान के तहत ग्राम कंदवा में महिलाओं व बालिकाओं को किया जागरुक

   पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर अमित कुमार आनन्द के आदेश के क्रम में सिद्धार्थ, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर के निर्देशन व गर्वित सिंह क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ के पर्यवेक्षण में आज दिनांक 12.07.2023 को प्रभारी निरीक्षक थाना चिल्हिया जनपद सिद्धार्थनगर के नेतृत्व में उ0नि0 संतराज व महिला बीट पुलिस अधिकारी म0का0 नीलम द्वारा ग्राम कंदवा पर महिलाओं व बालिकाओं को एकत्रित कर उनके सम्मान एवं स्वालंबन मिशन शक्ति अभियान के दृष्टिगत सरकार द्वारा चलाये गये मिशन शक्ति अभियान एवं महिला सुरक्षा सम्बन्धी योजनाओ, सुरक्षा कार्यक्रम के उद्देश्य एवं महिला सम्बन्धी अधिकारो तथा साइबर अपराध की रोकथाम के बारे जानकारी दी गयी और शासन द्वारा जारी हेल्पलाइन न0 -112,181,1076,1090,1098,102,108 आदि के बारे मे भी बताया गया ।

शुक्रवार, 3 फ़रवरी 2023

थाना चिल्हिया क्षेत्र में चोरी की एक घटना पर लगा प्रश्न चिन्ह ??

सिद्धार्थनगर ( रामदेव द्विवेदी, ऊँ टाइम्स ) उत्तर प्रदेश के जिला सिद्धार्थनगर के थाना चिल्हिया अंतर्गत स्थित ग्राम गौहनियां निवासी घनश्याम के परिजनों के मुताबिक दिनांक 19/20 जनवरी 2023 की रात्रि में उनके NH मार्ग के बगल स्थित मकान में चोरी हो गया है ! जबकि उस रात लगभग 1:00 बजे के आसपास ग्राम अकरा निवासी शिवांगम मिश्रा और डफरा निवासी शुभम् तिवारी एक ही मोटरसाइकिल से ग्राम गौहनियां के एक व्यक्ति को उसके घर छोड़ने लाए थे, तो उन लोगों ने देखा कि गौहनियां चौराहे पर पुलिस की गाड़ी खड़ी थी, इसके बाद कुछ और आगे आने पर इन लोगों को एक और पुलिस गाड़ी ने   क्रास किया था, इसके बाद यह लोग जैसे ही मेन रोड से गौहनियां गांव जाने वाले रोड के कार्नर पर लघुसंका करने के लिए मोटरसाइकिल मोड़ कर जैसे ही  रुके उसी समय जिस पुलिस की गाड़ी ने इन लोगों को आते समय क्राश किया था वह गाड़ी मोड़ कर इन लोगों के पास आ गई, यह लोग तब तक मोटरसाइकिल से उतरे नहीं थे, उतरने ही वाले थे, फिर पुलिस वालों ने इन लोगों से पूंछा कि कहाँ से आ रहे हो तो इन लोगों ने सब कुछ बताया कि लालपुर में तिलक में गये थे फिर वहाँ से चलने के बाद अकरा आ कर आरकेस्ट्रा देखे हैं, उसके बाद गौहनियां के एक ब्यक्ति जो लालपुर तिलक में गये थे जो कि साथ में हैं उनके पास वाहन न होने के वजह से उन्हें उनके घर तक छोड़ने ले जा रहे हैं, इसके बाद पुलिस वालों ने इन लोगों से कहा कि यहाँ मत रूको तुरंत चले जाओ, फिर ये लोग पुलिस वालों के सामने ही मोटरसाइकिल से तुरंत वहाँ से गौहनियां गाँव में आ कर गौहनियां का जो आदमी इनके साथ था उसके घर पर उसे छोड़ कर तुरंत पुनः यह लोग वापस अकरा चले गए, अर्थात इन लोगों ने यह देखा था कि जहां पर चोरी होना कहा जा रहा है उससे कुछ ही दूरी पर पुलिस रात्रि में मौजूद थी इसके बावजूद भी यदि चोरी हुआ तो कैसे ?  ....

रविवार, 15 जनवरी 2023

नेपाल के पोखरा में आज सुबह एक यात्री विमान हुआ दुर्घटनाग्रस्त, अब तक निकाले गये 40 से अधिक शव

नई दिल्ली (राम देव द्विवेदी, ऊँ टाइम्स) नेपाल के पोखरा में आज दिनांक 15 जनवरी 2023 को  सुबह एक यात्री विमान दुर्घटनागस्त हो गया है। 72 सीटों वाले इस विमान से 40 शव बरामद हुए हैं। सेना के एक प्रवक्ता ने बताया कि नेपाल में 30  वर्षों से अधिक समय के बाद इतना भीषण हादसा हुआ है। कृष्णा भंडारी ने मीडिया को बताया कि बचाव दल मौके पर मौजूद है तथा और भी शव मिलने की उम्मीद है। 
आप को बता दें कि नेपाल के पोखरा हवाई अड्डे पर हादसे का शिकार हुए विमान में 53 नेपाली नागरिक, 5 भारतीय, 4 रूसी, एक आयरिश, 2 कोरियाई, एक अर्जेंटीना और एक फ्रांसीसी नागरिक सवार थे।
येती एयरलाइंस के एटीआर 72 विमान ने  सुबह काठमांडू से पोखरा के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन विमान कास्की जिले के पोखरा में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद बचाव कार्य जारी है। इसी कारण से एयरपोर्ट को फिलहाल बंद कर दिया गया। हादसे के वक्त येती एयरलाइंस के इस प्लेन में 68 यात्री और चार क्रू सदस्य सवार थे।
एयरलाइन के प्रवक्ता सुदर्शन बरतौला ने कहा कि नेपाल की येति एयरलाइंस द्वारा संचालित एटीआर-72 विमान में 72 लोग सवार थे, जिनमें दो शिशु भी शामिल हैं। इसके अलावा चालक दल के चार सदस्य और 10 विदेशी नागरिक भी विमान में शामिल हैं। उन्होंने बताया कि अभी तक विदेशी नागरिकों के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है। हम इसका पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं और सैकड़ों बचावकर्मी दुर्घटनास्थल की छानबीन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 1992 के बाद से नेपाल में यह सबसे घातक दुर्घटना है।