शुक्रवार, 29 मार्च 2019

भगवान किसे कहते हैं

भगवान को सर्वशक्तिमान कहना सही होगा :-  जैसे जैन कैवल्य ज्ञान प्राप्त व्यक्ति को तीर्थंकर या अरिहंत भी  कहते हैं। बौद्ध संबुद्ध कहते हैं वैसे ही हिंदू भगवान कहते हैं। भगवान का अर्थ है- जितेंद्रिय,अर्थात इंद्रियों को जीतने वाला। भगवान का अर्थ ईश्वर नहीं, और जितने भी भगवान हैं वे ईश्वर नहीं, ईश्वर या परमेश्वर संसार की सर्वोच्च सत्ता है।
भगवान शब्द संस्कृत के भगवत शब्द से बना है। जिसने पांचों इंद्रियों पर विजय प्राप्त कर ली है तथा जिसकी पंचतत्वों पर पकड़ है उसे भगवान कहते हैं। भगवान शब्द का स्त्रीलिंग भगवती है। वह व्यक्ति जो पूर्णत: मोक्ष को प्राप्त हो चुका है और जो जन्म मरण के चक्र से मुक्त होकर कहीं भी जन्म लेकर कुछ भी करने की क्षमता रखता है वह भगवान है। परमहंस है।
भगवान को ईश्‍वरतुल्य माना गया है इसीलिए इस शब्द को ईश्वर, परमात्मा या परमेश्वर के रूप में भी उपयोग किया जाता है, लेकिन यह उचित नहीं है। ब्रह्मा, विष्णु, महेष, राम, कृष्ण और बुद्ध आदि सभी ईश्वर नहीं है।
भगवान शब्द का उपयोग विष्णु और शिव के अवतारों के लिए किया जाता है। दूसरा यह कि जो भी आत्मा पांचों इंद्रियो और पंचतत्व के जाल से मुक्त हो गई है वही भगवान कही गई है। इसी तरह जब कोई स्त्री मुक्त होती है तो उसे भगवती कहते हैं। भगवती शब्द का उपयोग माँ दुर्गा के लिए भी किया जाता है। इसे ही भागवत मार्ग कहा गया है।
भगवान (संस्कृत : भगवत्) सन्धि विच्छेद: भ्+अ+ग्+अ+व्+आ+न्+अ
भ = भूमि, अ = अग्नि, ग = गगन, वा = वायु, न = नीर
भगवान पंच तत्वों से बना/बनाने वाला है।
इसे भी जानिये ....
भगवान्- ऐश्वर्य, धर्म, यश, लक्ष्मी, ज्ञान और वैराग्य- यह गुण अपनी समग्रता में जिस गण में हों उसे 'भग' कहते हैं। उसे अपने में धारण करने से वे भगवान् हैं। यह भी कि उत्पत्ति, प्रलय, प्राणियों के पूर्व व उत्तर जन्म, विद्या और अविद्या को एक साथ जानने वाले को भी भगवान कहते हैं।...  ( लेखक - रामदेव द्विवेदी, संपादक, ऊँ टाइम्स, समाचार पत्र भारत)


शुक्रवार, 22 मार्च 2019

गणेश पूजा परम्परा

 गणेश महोत्सव प्रारम्भ  का इतिहास :-  
गणेश चतुर्थी के त्योहार पर पूजा प्रारंभ होने की सही तारीख किसी को ज्ञात नहीं है, हालांकि इतिहास के अनुसार, यह अनुमान लगाया गया है कि 1630-1680 के दौरान गणेश चतुर्थी उत्सव शिवाजी (मराठा साम्राज्य के संस्थापक) के समय में एक सार्वजनिक समारोह के रूप में मनाया जाता था।
शिवाजी के समय, यह गणेशोत्सव उनके साम्राज्य के कुलदेवता के रूप में नियमित रूप से मनाना शुरू किया गया था। पेशवाओं के अंत के बाद, यह एक पारिवारिक उत्सव बना रहा, यह 1893 में लोकमान्य तिलक (एक भारतीय स्वतंत्रता सेनानी) द्वारा पुनर्जीवित किया गया।
गणेश चतुर्थी एक बड़ी तैयारी के साथ एक वार्षिक घरेलू त्योहार के रूप में हिंदू लोगों द्वारा मनाना शुरू किया गया था। सामान्यतः यह ब्राह्मणों और गैर ब्राह्मणों के बीच संघर्ष को हटाने के साथ ही लोगों के बीच एकता लाने के लिए एक राष्ट्रीय पर्व के रूप में मनाना शुरू किया गया था। महाराष्ट्र में लोगों ने ब्रिटिश शासन के दौरान बहुत साहस और राष्ट्रवादी उत्साह के साथ अंग्रेजों के क्रूर व्यवहार से मुक्त होने के लिए मनाना शुरु किया था। गणेश विसर्जन की रस्म लोकमान्य तिलक द्वारा स्थापित की गई!
धीरे-धीरे लोगों द्वारा यह त्योहार परिवार के समारोह के बजाय समुदाय की भागीदारी के माध्यम से मनाना शुरू किया गया। समाज और समुदाय के लोग इस त्यौहार को एक साथ सामुदायिक त्योहार के रुप में मनाने के लिए और बौद्धिक भाषण, कविता, नृत्य, भक्ति गीत, नाटक, संगीत समारोहों, लोक नृत्य करना, आदि क्रियाओं को सामूहिक रुप से करते हैं। लोग तारीख से पहले एक साथ मिलते हैं और उत्सव मनाने के साथ ही साथ यह भी तय करते हैं कि इतनी बड़ी भीड़ को कैसे नियंत्रित करना है।
गणेश चतुर्थी, एक पवित्र हिन्दू त्योहार है, लोगों द्वारा भगवान गणेश (भगवानों के भगवान, अर्थात् बुद्धि और समृद्धि के सर्वोच्च भगवान) के जन्म दिन के रूप में मनाया जाता है। पूरा हिंदू समुदाय एक साथ पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ प्रतिवर्ष मनाते हैं। हिंदू पौराणिक कथाओं के अनुसार, यह माना जाता है कि गणेश जी का जन्म माघ माह में चतुर्थी (अजोर पाख के चौथे दिन) हुआ था। तब से, भगवान गणेश के जन्म की तारीख गणेश चतुर्थी के रूप में मनानी शुरू की गई। आजकल, यह त्योहार हिंदू एवं बहुत से मुस्लिम समुदाय के लोगों द्वारा पूरी दुनिया में मनाया जाता है। ....   रामदेव द्विवेदी, संपादक ऊँ टाइम्स 



परमात्मा किसे कहते हैं

परमात्मा के वास्तविक स्वरूप और वजूद को जानिये :-

ध्यान करने वाले योगी और साहित्य रचने वाले लेखक परमात्मा शब्द को परमेश्वर के अर्थ में प्रयोग करते आ रहे हैं। ऐसा विवेकानंद जी ने भी किया और दयानंद जी ने भी किया। दुनिया इन्हें संत और महर्षि कहती है। संत और ऋषि कहलाने वाले दूसरे हिंदू विद्वानों ने भी यही ग़लती की है। हिंदू समाज में यह ग़लती आम तौर पर की जाती है। इस तरह अन्जाने में उन्होंने एक सृष्टि को परम पूज्य सृष्टा समझ लिया है और वे परमेश्वर के बजाय परमात्मा की उपासना करने लगे। इन्हें ईश्वर के वास्तविक स्वरूप की पहचान होती तो ये रचयिता की जगह उसकी रचना की उपासना न करते।
बाइबिल के नया नियम में परमात्मा को पवित्रात्मा कह कर पुकारा गया है (लूका 3,22)। ईसाई जानते हैं कि यह परमेश्वर से अलग कुछ है लेकिन वह क्या है और कौन है ?, इसे वे भी न समझ पाए। उसकी महिमा देखकर उन्होंने उसे ईश्वर के तुल्य ही मान लिया और इस तरह वे भी शिर्क करने लगे।
आत्मा के रहस्य को न जानने की वजह से ही एक तरफ़ तो परमात्मा की पूजा-उपासना शुरू हो गई और दूसरी तरफ़ लौकिक सूर्य को पूजा जाने लगा।
‘सूर्य आत्मा जगतस्तथुषश्च‘ ऋग्वेद 1,125,1 तथा यजुर्वेद 7,42 में ‘जगत की आत्मा‘ को सूर्य बताया गया है लेकिन वहां लोगों ने समझा कि सूर्य को जगत की आत्मा कहा जा रहा है।
हक़ीक़त यह है कि जैसे इस सौर मंडल का आधार सूर्य है। ऐसे ही इस सारी सृष्टि का आधार परमात्मा है। गायत्री मंत्र में इसी सूर्य को वरण करने के लिए कहा गया है।
‘मही देवस्य सवितुः परिष्टुतिः‘ ऋग्वेद 5,81,1 में ‘देवस्य सविता‘ अर्थात ‘परमेश्वर का सूर्य‘ कहकर यह स्पष्ट कर दिया गया है कि यह सूर्य परमेश्वर नहीं है। यहां सूर्य परमात्मा को कहा गया है। यह परमात्मा ही प्रथम आत्मा है। यही परमात्मा आत्मा है। आत्माएं बहुत सारी नहीं हैं। एक ही आत्मा से सबको जीवन की ऊर्जा निरंतर मिल रही है। सबके शरीर अलग अलग हैं, सबके प्राण अलग अलग हैं लेकिन आत्मा सबकी एक ही है। जो यह देखता है वह ‘सोऽहं‘ और ‘तत्वमसि‘ के भाव से भर जाता है।
परमात्मा और आत्मा तो एक चीज़ के दो नाम हैं। इन्हें अरबी में अलरूह और रूह कहते हैं। प्राण को नफ़्स और शरीर को जिस्म कहते हैं।
आपको यह जानकर हैरत होगी कि पवित्र क़ुरआन में कहीं भी रूह का बहुवचन रूहों शब्द नहीं आया है। सभी जगह रूह को एकवचन के तौर पर ही बयान किया गया है। देखें सूरा सं. 97 ‘सूरा ए क़द्र‘।
जबकि क़ुरआन शरीफ़ में नफ़्स का बहुवचन नुफ़ूस शब्द बहुत बार आया है।
सूफ़ियों ने रूह और नफ़्स की बहुत सूक्ष्म विवेचना की है लेकिन वह सब अरबी, फ़ारसी और उर्दू साहित्य में है। इंग्लिश में भी इस विषय में काफ़ी जानकारी दी गई है लेकिन कुछ जगहों पर बात कुछ से कुछ हो गई है। ऐसे में उन सभी बातों को उनके मूल स्रोतों से मिला कर देखा जाना ज़रूरी है।
परमेश्वर ने परमात्मा को ही परमतत्व बनाया और इसी परमतत्व परमात्मा से ही उसने यह सारी सृष्टि उत्पन्न की है। इस सृष्टि वृक्ष का मूल परमात्मा है जो कि आकाश में है। सृष्टि को इसीलिए एक ऐसा वृक्ष बताया जाता है जिसका मूल ऊपर है। ध्यान और मुराक़बे के ज़रिये आप अपने मूल पर पहुंच सकते हैं जो कि परमात्मा है। वही आपका मूलस्वरूप है। यह परमात्मा ईश्वर के गुणों का प्रतिबिंब है न कि अंश। परमात्मा से एकाकार होना वास्तविक है जबकि ईश्वर से एकाकार हो जाना केवल भासता है, वह केवल अलंकारिक है। इस अंतर को न जानने के कारण ही अद्वैतवाद के दर्शन को समझना मुश्किल हुआ और उसकी बहुत सी व्याख्याएं वुजूद में आ गईं।
मनुष्य जब अपने मूल पर पहुंचता है तो वह ख़ुद को परमात्मा का अंश पाता है जो कि परमेश्वर के गुणों का प्रतिबिंब है। बहुत लोगों को यहां भ्रम हो जाता है कि वे ईश्वर के अंश हैं और अब वे ईश्वर के साथ एकरूप हो गए हैं। यहां आकर लोग ‘अनल हक़‘ और ‘अहं ब्रह्मस्मि‘ कहने लगते हैं, जबकि हक़ीक़त यह है कि ईश्वर अनुपमेय और कल्पनातीत है।
उसके इन्हीं गुणों को दर्शाने के लिए उसे परब्रह्म कहा गया है। परब्रह्म के स्वरूप को कोई तब तक जान नहीं सकता जब तक कि वह परमतत्व को न जान ले।
परमात्मा सृष्टि में ईश्वर की सबसे प्रथम रचना है। यही परम पुरूष है। नासदीय सूक्त (ऋग्वेद) में इसे ‘सृष्टि का अध्यक्ष‘ भी कहा गया है।.  .......  (लेखक - रामदेव द्विवेदी, संपादक ऊँ टाइम्स,

धन की देवी लक्ष्मी का रहस्य


   
माता लक्ष्मी का यह रहस्य जानकर आप भी हो जायेंगे  हैरान...        (लेेखक- रामदेव द्विवेदी संपादक- ऊँ  टाइम्स)  .......     वेद पुुराणों में माता लक्ष्मी की उत्पत्ति के बारे में अनेक विरोधाभास पाया जाता है। एक कथा के अनुसार माता लक्ष्मी की उत्पत्ति समुद्र मंथन के दौरान निकले रत्नों के साथ हुई थी, लेकिन दूसरी कथा के अनुसार वे भृगु ऋषि की बेटी हैं।
दरअसल, पुराणों की कथा में छुपे रहस्य को जानना थोड़ा मुश्किल होता है, इसे समझना जरूरी है। आपको शायद पता ही होगा कि शिवपुराण के अनुसार ब्रह्मा, विष्णु और महेश के माता-पिता का नाम सदाशिव और दुर्गा बताया गया है। उसी तरह तीनों देवियों के भी माता-पिता रहे हैं। समुद्र मंथन से जिस लक्ष्मी की उत्पत्ति हुई थी, दरअसल वह स्वर्ण के पाए जाने के ही संकेत रहा हो।

 जन्म का तिथि :- शास्त्रों के अनुसार देवी लक्ष्मी का जन्म शरद पूर्णिमा के दिन हुआ था। कार्तिकेय का जन्म भी शरद पूर्णिमा के दिन हुआ था। कार्तिक कृष्ण अमावस्या को उनकी पूजा की जाती है।

नाम :- देवी लक्ष्मी।

नाम का अर्थ :- 'लक्ष्मी' शब्द दो शब्दों के मेल से बना है- एक 'लक्ष्य' तथा दूसरा 'मी' अर्थात लक्ष्य तक ले जाने वाली देवी लक्ष्मी।

अन्य नाम :- श्रीदेवी, कमला, धन्या, हरिवल्लभी, विष्णुप्रिया, दीपा, दीप्ता, पद्मप्रिया, पद्मसुन्दरी, पद्मावती, पद्मनाभप्रिया, पद्मिनी, चन्द्र सहोदरी, पुष्टि, वसुंधरा आदि नाम प्रमुख हैं।

 माता-पिता :- ख्याति और भृगु।
भाई :- धाता और विधाता
बहन :- अलक्ष्मी
पति :- भगवान विष्णु।
पुत्र :- 18 पुत्रों में से प्रमुख 4 पुत्रों के नाम हैं- आनंद, कर्दम, श्रीद, चिक्लीत।
निवास :- क्षीरसागर में भगवान विष्णु के साथ कमल पर वास करती हैं।
पर्व :- दीपावली।
दिन :-ज्योतिषशास्त्र एवं धर्मग्रंथों में शुक्रवार की देवी मां लक्ष्मी को माना गया है।
वाहन :- उल्लू और हाथी। एक मान्यता के अनुसार भगवान विष्णु की पत्नी देवी लक्ष्मी का वाहन उल्लू है और धन की देवी महालक्ष्मी का वाहन हाथी है। कुछ के अनुसार उल्लू उनकी बहन अलक्ष्मी का प्रतीक है, जो सदा उनके साथ रहती है। देवी लक्ष्मी अपने वाहन उल्लू पर बैठकर भगवान विष्णु के साथ पृथ्वी भ्रमण करने आती हैं।
 दो रूप :-  लक्ष्मीजी की अभिव्यक्ति को दो रूपों में देखा जाता है- 1. श्रीरूप और 2. लक्ष्मी रूप। श्रीरूप में वे कमल पर विराजमान हैं और लक्ष्मी रूप में वे भगवान विष्णु के साथ हैं। महाभारत में लक्ष्मी के 'विष्णुपत्नी लक्ष्मी' एवं 'राज्यलक्ष्मी' दो प्रकार बताए गए हैं।

एक अन्य मान्यता के अनुसार लक्ष्मी के दो रूप हैं- भूदेवी और श्रीदेवी। भूदेवी धरती की देवी हैं और श्रीदेवी स्वर्ग की देवी। पहली उर्वरा से जुड़ी हैं, दूसरी महिमा और शक्ति से। भूदेवी सरल और सहयोगी पत्नी हैं जबकि श्रीदेवी चंचल हैं। विष्णु को हमेशा उन्हें खुश रखने के लिए प्रयास करना पड़ता है।

बीज मंत्र :- ॐ ह्रीं श्रीं लक्ष्मीभ्यो नम:।।

 व्रत-पूजा :- लक्ष्मी चालीसा, लक्ष्मीजी की आरती, लक्ष्मी की महिमा, लक्ष्मी व्रत, लक्ष्मी पूजन आदि। दीपावली पर लक्ष्मीजी की पूजा गणेशजी के साथ की जाती है। देवी लक्ष्मी की पूजा भगवान विष्णु के साथ ही होती है। जहां ऐसा नहीं होता वहां लक्ष्मी की बड़ी बहन अलक्ष्मी निवास करती है।

अष्टलक्ष्मी क्या है-
अष्टलक्ष्मी माता लक्ष्मी के 8 विशेष रूपों को कहा गया है। माता लक्ष्मी के 8 रूप ये हैं- आदिलक्ष्मी, धनलक्ष्मी, धान्यलक्ष्मी, गजलक्ष्मी, संतानलक्ष्मी, वीरलक्ष्मी, विजयलक्ष्मी, विद्यालक्ष्मी।
माता लक्ष्मी के प्रिय भोग :- मखाना, सिंघाड़ा, बताशे, ईख, हलुआ, खीर, अनार, पान, सफेद और पीले रंग के मिष्ठान्न, केसर-भात आदि।
माता लक्ष्मी के प्रमुख मंदिर :- पद्मावती मंदिर तिरुचुरा, लक्ष्मीनारायण मंदिर वेल्लूर, महालक्ष्मी मंदिर मुंबई, लक्ष्मीनारायण मंदिर दिल्ली, लक्ष्मी मंदिर कोल्हापुर, अष्टलक्ष्मी मंदिर चेन्नई, अष्टलक्ष्मी मंदिर हैदराबाद, लक्ष्मी-कुबेर मंदिर वडलूर (चेन्नई), लक्ष्मीनारायण मंदिर जयपुर, महालक्ष्मी मंदिर इंदौर, श्रीपुरम् का स्वर्ण मंदिर तमिलनाडु, पचमठा मंदिर जबलपुर आदि।
 धन की देवी :- देवी लक्ष्मी का घनिष्ठ संबंध देवराज इन्द्र तथा कुबेर से है। इन्द्र देवताओं तथा स्वर्ग के राजा हैं तथा कुबेर देवताओं के खजाने के रक्षक के पद पर आसीन हैं। देवी लक्ष्मी ही इन्द्र तथा कुबेर को इस प्रकार का वैभव, राजसी सत्ता प्रदान करती हैं।
समुद्र मंथन की लक्ष्मी :- समुद्र मंथन की लक्ष्मी को धन की देवी माना जाता है। उनके हाथ में स्वर्ण से भरा कलश है। इस कलश द्वारा लक्ष्मीजी धन की वर्षा करती रहती हैं। उनके वाहन को सफेद हाथी माना गया है। दरअसल, महालक्ष्मीजी के 4 हाथ बताए गए हैं। वे 1 लक्ष्य और 4 प्रकृतियों (दूरदर्शिता, दृढ़ संकल्प, श्रमशीलता एवं व्यवस्था शक्ति) के प्रतीक हैं और मां महालक्ष्मीजी सभी हाथों से अपने भक्तों पर आशीर्वाद की वर्षा करती हैं।
विष्णुप्रिया लक्ष्मी :- ऋषि भृगु की पुत्री माता लक्ष्मी थीं। उनकी माता का नाम ख्याति था। (समुद्र मंथन के बाद क्षीरसागर से जो लक्ष्मी उत्पन्न हुई थीं, उसका इनसे कोई संबंध नहीं।) म‍हर्षि भृगु विष्णु के श्वसुर और शिव के साढू थे। महर्षि भृगु को भी सप्तर्षियों में स्थान मिला है। राजा दक्ष के भाई भृगु ऋषि थे। इसका मतलब वे राजा द‍क्ष की भतीजी थीं। माता लक्ष्मी के दो भाई दाता और विधाता थे। भगवान शिव की पहली पत्नी माता सती उनकी (लक्ष्मीजी की) सौतेली बहन थीं। सती राजा दक्ष की पुत्री थी।
 विवाह कथा :-एक बार लक्ष्मीजी के लिए स्वयंवर का आयोजन हुआ। माता लक्ष्मी पहले ही मन ही मन विष्णुजी को पति रूप में स्वीकार कर चुकी थीं लेकिन नारद मुनि भी लक्ष्मीजी से विवाह करना चाहते थे। नारदजी ने सोचा कि यह राजकुमारी हरि रूप पाकर ही उनका वरण करेगी। तब नारदजी विष्णु भगवान के पास हरि के समान सुन्दर रूप मांगने पहुंच गए। विष्णु भगवान ने नारद की इच्छा के अनुसार उन्हें हरि रूप दे दिया। हरि रूप लेकर जब नारद राजकुमारी के स्वयंवर में पहुंचे तो उन्हें विश्वास था कि राजकुमारी उन्हें ही वरमाला पहनाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। राजकुमारी ने नारद को छोड़कर भगवान विष्णु के गले में वरमाला डाल दी। नारदजी वहां से उदास होकर लौट रहे थे तो रास्ते में एक जलाशय में उन्होंने अपना चेहरा देखा। अपने चेहरे को देखकर नारद हैरान रह गए, क्योंकि उनका चेहरा बंदर जैसा लग रहा था।
'हरि' का एक अर्थ विष्णु होता है और एक वानर होता है। भगवान विष्णु ने नारद को वानर रूप दे दिया था। नारद समझ गए कि भगवान विष्णु ने उनके साथ छल किया। उनको भगवान पर बड़ा क्रोध आया। नारद सीधे बैकुंठ पहुंचे और आवेश में आकर भगवान को श्राप दे दिया कि आपको मनुष्य रूप में जन्म लेकर पृथ्वी पर जाना होगा। जिस तरह मुझे स्त्री का वियोग सहना पड़ा है उसी प्रकार आपको भी वियोग सहना होगा। इसलिए राम और सीता के रूप में जन्म लेकर विष्णु और देवी लक्ष्मी को वियोग सहना पड़ा।

 पुराणों के नुसार लक्ष्मीजी के 8 अवतार :- महालक्ष्मी, जो वैकुंठ में निवास करती हैं। स्वर्गलक्ष्मी, जो स्वर्ग में निवास करती हैं। राधाजी, जो गोलोक में निवास करती हैं। दक्षिणा, जो यज्ञ में निवास करती हैं। गृहलक्ष्मी, जो गृह में निवास करती हैं। शोभा, जो हर वस्तु में निवास करती हैं। सुरभि (रुक्मणी), जो गोलोक में निवास करती हैं और राजलक्ष्मी (सीता) जी, जो पाताल और भूलोक में निवास करती हैं।
समुद्र मंथन वाली लक्ष्मी :-
समुद्र मंथन से कुल 14 तरह के रत्न आदि उत्पन्न हुए थे। उनको सुरों (देव) और असुरों ने आपस में बांट लिया था। पहले हलाहल विष निकला, फिर क्रमश: कामधेनु गाय, उच्चै:श्रवा घोड़ा, ऐरावत हाथी, कौस्तुभ मणि, कल्पद्रुम ग्रंथ, रम्भा नामक अप्सरा, अप्सरा के बाद महालक्ष्मी निकलीं। कहते हैं कि महालक्ष्मी के रूप में सोना निकला था जिसे भगवान विष्णु ने धारण कर लिया। इसके बाद वारुणी नामक मदिरा, फिर चन्द्रमा, फिर पारिजात का वृक्ष, फिर पांचजञ्य शंख, धन्वंतरि वैद्य (औषधि) और अंत में अमृत निकला था।
समुद्र मंथन के दौरान लक्ष्मी की उत्पत्ति भी हुई। 'लक्ष्मी' अर्थात श्री और समृद्धि की उत्पत्ति। कुछ लोग इसे सोने (गोल्ड) से जोड़ते हैं, लेकिन कुछ लोग इसे देवी मानते हैं। समुद्र मंथन से उत्पन्न लक्ष्मी को 'कमला' कहते हैं, जो 10 महाविद्याओं में से अंतिम महाविद्या है।
अध्ययन से पता चलता है कि समुद्र मंथन से निकली लक्ष्मी को वैभव और समृद्धि से जोड़कर देखा गया जिसमें सोना-चांदी आदि कीमती धातुएं थीं, जो कि लक्ष्मी का प्रतीक है।

 लक्ष्मी-विष्णु विवाह कथा : कहते हैं कि समुद्र की पुत्री लक्ष्मी देवी थीं। जब लक्ष्मीजी बड़ी हुईं तो वे भगवान नारायण के गुण-प्रभाव का वर्णन सुनकर उनमें ही अनुरक्त हो गईं और उनको पाने के लिए तपस्या करने लगीं। उसी तरह, जिस तरह पार्वतीजी ने शिव को पाने के लिए तपस्या की थी। वे समुद्र तट पर घोर तपस्या करने लगीं। तदनंतर लक्ष्मीजी की इच्छानुसार भगवान विष्णु ने उन्हें पत्नी रूप में स्वीकार किया।



मंगलवार, 19 मार्च 2019

परशुराम का इतिहास

(लेखक- रामदेव द्विवेदी, सम्पादक- ऊँ टाइम्स, समाचार पत्र भारत )   भगवान परशुराम -    परशुराम जी का इतिहास परशुराम जयंती हिन्दू पंचांग के वैशाख माह की शुक्ल पक्ष तृतीया को मनाई जाती है. इसे “परशुराम द्वादशी” भी कहा जाता है! अक्षय तृतीया को परशुराम जयंती के रूप में भी मनाया जाता है. ऐसा माना जाता है कि इस दिन दिये गए पुण्य का प्रभाव कभी खत्म नहीं होता! अक्षय तृतीया से त्रेता युग का आरंभ माना जाता है, इस दिन का विशेष महत्व है. "भगवान परशुराम" भारत में हिन्दू धर्म को मानने वाले अधिक लोग हैं. मध्य कालीन समय के बाद जब से हिन्दू धर्म का पुनुरोद्धार हुआ है, तब से परशुराम जयंती का महत्व और अधिक बढ़ गया है. इस दिन उपवास के साथ साथ सर्व ब्राह्मण का जुलूस, सत्संग भी सम्पन्न किए जाते हैं. "परशुराम" शब्द का अर्थ- परशुराम दो शब्दों से मिलकर बना हुआ है, परशु अर्थात “कुल्हाड़ी” तथा “राम”. इन दो शब्दों को मिलाने पर “कुल्हाड़ी के साथ राम” अर्थ निकलता है. जैसे राम, भगवान विष्णु के अवतार हैं, उसी प्रकार परशुराम भी विष्णु के अवतार हैं. इसलिए परशुराम को भी विष्णुजी तथा रामजी के समान शक्तिशाली माना जाता है.परशुराम के अनेक नाम हैं. इन्हें रामभद्र, भार्गव, भृगुपति, भृगुवंशी (ऋषि भृगु के वंशज), जमदग्न्य (जमदग्नि के पुत्र) के नाम से भी जाना जाता है. परशुराम ऋषि जमादग्नि तथा रेणुका के पांचवें पुत्र थे. ऋषि जमादग्नि सप्तऋषि में से एक ऋषि थे.भगवान विष्णु के 6वें अवतार के रूप में परशुराम पृथ्वी पर अवतरित हुए.परशुराम वीरता के साक्षात उदाहरण थे! हिन्दू धर्म में परशुराम के बारे में यह मान्यता है कि वे त्रेता युग एवं द्वापर युग से अमर हैं.परशुराम की त्रेता युग दौरान रामायण में तथा द्वापर युग के दौरान महाभारत में अहम भूमिका है. रामायण में सीता के स्वयंवरमें भगवान राम द्वारा शिवजी का पिनाक धनुष तोड़ने पर परशुराम सबसे अधिक क्रोधित हुए थे! परशुरामजी के जन्म की मान्यताएँ :- परशुराम के जन्म एवं जन्मस्थान के पीछे कई मान्यताएँ एवं अनसुलझे सवाल है! सभी की अलग अलग राय एवं अलग अलग विश्वास हैं. भार्गव परशुराम को हाइहाया राज्य, जो कि अब मध्य प्रदेश के महेश्वर नर्मदा नदी के किनारे बसा है, वहाँ का तथा वहीं से परशुराम का जन्म भी माना जाता है.एक और मान्यता के अनुसार रेणुका तीर्थ पर परशुराम के जन्म के पूर्व जमदग्नि एवं उनकी पत्नी रेणुका ने शिवजी की तपस्या की. उनकी तपस्या से प्रसन्न हो कर शिवजी ने वरदान दिया और स्वयं विष्णु ने रेणुका के गर्भ से जमदग्नि के पांचवें पुत्र के रूप में इस धरती पर जन्म लिया. उन्होनें अपने इस पुत्र का नाम “रामभद्र”रखा.परशुराम के अगले जन्म के पीछे बहुत सी दिलचस्प मान्यता है. एसा माना जाता है कि वे भगवान विष्णु के दसवें अवतार में “कल्कि” के रूप में फिर एक बार पृथ्वी पर अवतरित होंगे. हिंदुओं के अनुसार यह भगवान विष्णु का धरती पर अंतिम अवतार होगा. इसी के साथ कलियुग की समाप्ति होगी! परशुराम का परिवार एवं कुल:- परशुराम सप्तऋषि जमदग्नि और रेणुका के सबसे छोटे पुत्र थे! ऋषि जमदग्नि के पिता का नाम ऋषि ऋचिका तथा ऋषि ऋचिका, प्रख्यात संत भृगु के पुत्र थे.ऋषि भृगु के पिता का नाम च्यावणा था. ऋचिका ऋषि धनुर्वेद तथा युद्धकला में अत्यंत निपुण थे. अपने पूर्वजों कि तरह ऋषि जमदग्नि भी युद्ध में कुशल योद्धा थे.जमदग्नि के पांचों पुत्रों वासू, विस्वा वासू, ब्रिहुध्यनु, बृत्वकन्व तथा परशुराम में परशुराम ही सबसे कुशल एवं निपुण योद्धा एवं सभी प्रकार से युद्धकला में दक्ष थे.परशुराम भारद्वाज एवं कश्यप गोत्र के कुलगुरु भी माने जाते हैं! परशुराम का मुख्य अस्त्र “कुल्हाड़ी” माना जाता है! इसे फारसा, परशु भी कहा जाता है! परशुराम ब्राह्मण कुल में जन्मे तो थे, परंतु उनमे युद्ध आदि में अधिक रुचि थी! इसीलिए उनके पूर्वज च्यावणा, भृगु ने उन्हें भगवान शिव की तपस्या करने की आज्ञा दी! अपने पूर्वजों कि आज्ञा से परशुराम ने शिवजी की तपस्या कर उन्हें प्रसन्न किया. शिवजी ने उन्हें वरदान मांगने को कहा. तब परशुराम ने हाथ जोड़कर शिवजी की वंदना करते हुए शिवजी से दिव्य अस्त्र तथा युद्ध में निपुण होने कि कला का वर मांगा. शिवजी ने परशुराम को युद्धकला में निपुणता के लिए उन्हें तीर्थ यात्रा की आज्ञा दी. तब परशुराम ने उड़ीसा के महेन्द्रगिरी के महेंद्र पर्वत पर शिवजी की कठिन एवं घोर तपस्या की.उनकी इस तपस्या से एक बार फिर शिवजी प्रसन्न हुए. उन्होनें परशुराम को वरदान देते हुए कहा कि परशुराम का जन्म धरती के राक्षसों का नाश करने के लिए हुआ है. इसीलिए भगवान शिवजी ने परशुराम को, देवताओं के सभी शत्रु, दैत्य, राक्षस तथा दानवों को मारने में सक्षमता का वरदान दिया.परशुराम युद्धकला में निपुण थे. हिन्दू धर्म में विश्वास रखने वाले ज्ञानी, पंडित कहते हैं कि धरती पर रहने वालों में परशुराम और रावण के पुत्र इंद्रजीत को ही सबसे खतरनाक, अद्वितीय और शक्तिशाली अस्त्र – ब्रह्मांड अस्त्र, वैष्णव अस्त्र तथा पशुपत अस्त्र प्राप्त थे.परशुराम शिवजी के उपासक थे. उन्होनें सबसे कठिन युद्धकला “कलारिपायट्टू” की शिक्षा शिवजी से ही प्राप्त की. शिवजी की कृपा से उन्हें कई देवताओं के दिव्य अस्त्र-शस्त्र भी प्राप्त हुए थे.“विजया” उनका धनुष कमान था, जो उन्हें शिवजी ने प्रदान किया था. परशुराम जयंती का महत्व तथा आयोजन :-  इस दिन बड़े बड़े जुलूस, शोभायात्रा निकाले जाते हैं. इस शोभायात्रा में भगवान परशुराम को मानने वाले सभी हिन्दू, ब्राह्मण वर्ग के लोग भारी से भारी संख्या में शामिल होते हैं.परशुराम भगवान के नाम पर उनके मंदिरों में हवन – पूजन का आयोजन किया जाता है. इस दिन अक्षय तृतीया भी मनाई जाती है. सभी लोग पूजन में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेते हैं और दान आदि करते हैं.भगवान परशुराम के नाम पर भक्तगण जगह जगह भंडारे का आयोजन करते है और सभी श्रद्धालु इस भोजन प्रसादी का लाभ उठाते हैं.कुछ लोग इस दिन उपवास रख कर वीर एवं निडर ब्राह्मण रूप भगवान परशुराम की तरह पुत्र की कामना करते हैं. वे मानते हैं कि परशुरामजी के आशीर्वाद से उनका पुत्र पराक्रमी होगा.वराह पुराण के अनुसार, इस दिन उपवास रखने एवं परशुराम को पूजने से अगले जन्म में राजा बनने का योग प्राप्त होता है. भारत में कई जगह परशुराम के मंदिर स्थित है. उनमें से कुछ नीचे दिये गए हैं:- 1परशुराम मंदिर, अट्टिराला, जिला कुड्डापह ,आंध्रा प्रदेश,2-परशुराम मंदिर, सोहनाग, सलेमपुर, उत्तर प्रदेश,3-अखनूर, जम्मू और कश्मीर,4-कुंभलगढ़, राजस्थान,.5-महुगढ़, महाराष्ट्र,6-परशुराम मंदिर, पीतमबरा, कुल्लू, हिमाचल प्रदेश.7जनपव हिल, इंदौर मध्य प्रदेश (इसे भी कई लोग परशुराम का जन्म स्थान मानते हैं). परशुराम कुंड, लोहित जिला, अरुणाचल प्रदेश – एसी मान्यता है कि इस कुंड में अपनी माता का वध करने के बाद परशुराम ने यहाँ स्नान कर अपने पाप का प्रायश्चित किया था. माता-पिता के प्रति समर्पण, जिसके लिए उन्होंने अपनी माता का वध किया था: परशुराम वीरता के साक्षात उदाहरण थे. वे अपने माता–पिता के प्रति पूरी तरह से समर्पित थे. एक बार परशुराम के पिता ऋषि जमदग्नि अपनी पत्नी रेणुका पर क्रोधित हुए. रेणुका एक बार मिट्टी के घड़े को लेकर पानी भरने नदी किनारे गयी, किन्तु नदी किनारे कुछ देवताओं के आने से उन्हें आश्रम लौटने में देरी हो गयी. ऋषि जमदग्नि ने अपनी शक्ति से रेणुका के देर से आने का कारण जान लिया और वे उन पर अधिक क्रोधित हुए. उन्होने क्रोध में आ कर अपने सभी पुत्रों को बुला कर अपनी माता का वध करने की आज्ञा दी. किन्तु ऋषि के चारों पुत्र वासु, विस्वा वासु, बृहुध्यणु, ब्रूत्वकन्व ने अपनी माता के प्रति प्रेम भाव व्यक्त करते हुए, अपने पिता की आज्ञा को मानने से इंकार कर दिया. इससे ऋषि जमदग्नि ने क्रोधवश अपने सभी पुत्रों को पत्थर बनने का श्राप दे दिया. इसके बाद ऋषि जमदग्नि ने परशुराम को अपनी माता का वध करने की आज्ञा दी. परशुराम ने अपने पिता की आज्ञा का पालन करते हुए अपना अस्त्र फरसा उठाया, और उनके चरणों में सिर नवाकर तुरंत ही अपनी माता रेणुका का वध कर दिया. इस पर जमदग्नि अपने पुत्र से संतुष्ट हुए एवं उन्होने परशुराम से मनचाहा वरदान मांगने को कहा. परशुराम ने बड़ी ही चतुराई एवं विवेक से अपनी माता रेणुका तथा अपने भाइयों के प्रेमवश हो कर सभी को पुनः जीवित करने का वरदान मांग लिया. उनके पिता ने उनके वरदान को पूर्ण करते हुए पत्नी रेणुका तथा चारों पुत्रों को फिर से नवजीवन प्रदान किया. ऋषि जमदग्नि अपने पुत्र परशुराम से बहुत प्रसन्न हुए. परशुराम ने अपने माता – पिता के प्रति अपने प्रेम एवं समर्पण की मिसाल कायम की. क्षत्रियों को खत्म करने की सौगंध : एक बार पृथ्वी पर क्षत्रियों के राजा कर्तावीर्य सहश्रजून ने परशुराम के पिता ऋषि जमदग्नि तथा उनकी कामधेनु गाय का वध कर दिया. इससे परशुराम को बहुत क्रोध आया एवं परशुराम ने क्रोध में सभी क्षत्रियों को मारने एवं पूरी पृथ्वी को क्षत्रिय राजाओं की तानाशाही से मुक्त करने की शपथ ले ली. जब पृथ्वी पर सभी क्षत्रियों ने यह कसम सुनी तब वे पृथ्वी छोड़ – छोड़ कर भागने लगे. पृथ्वी की रक्षा के लिए कोई भी क्षत्रिय नहीं बचा. इसलिए कश्यप मुनि ने परशुराम को पृथ्वी छोड़ने का आदेश दे दिया. मुनि कश्यप की आज्ञा का पालन करते हुए परशुराम महेन्द्रगिरी के महेंद्र पर्वत पर रहने चले गए. वहाँ उन्होने कई वर्ष तक तपस्या की. तब से ले कर आजतक महेन्द्रगिरी को परशुराम का निवास स्थान माना जाता है. महेन्द्रगिरी, उड़ीसा के गजपति जिले में स्थित है. वैदिक काल के अंत के दौरान परशुराम योद्धा से सन्यासी बन गए थे. उन्होने कई जगह अपनी तपस्या प्रारम्भ की. उड़ीसा के महेन्द्रगिरी में तो आज भी उनकी उपस्थिती मानी जाती है!