रविवार, 3 अप्रैल 2022

राजनीतिक ड्रामे के बाद पाकिस्तान में इमरान सरकार के विरूद्ध अविश्‍वास प्रस्‍ताव हुआ खारिज, नेशनल असेंबली हुई भंग

इस्‍लामाबाद/ नई दिल्ली ( रामदेव द्विवेदी, ऊँ टाइम्स)  पाकिस्तान में इमरान खान सरकार के खिलाफ लाए गए विपक्ष के अव‍िश्‍वास प्रस्‍ताव को नेशनल असेंबली के डिप्‍टी स्‍पीकर ने खारिज कर दिया है। इसके लिए उन्‍होंने संविधान के अनुच्‍छेद 5 का हवाला दिया है। आपको बता दें कि पाकिस्‍तान के संविधान के अनुच्‍छेद 5 के मुताबिक यदि नेशनल असेंबली में लाए प्रस्‍ताव की अवधि तय समय से अधिक हो जाती है तो उसको खारिज करने का विकल्‍प स्‍पीकर के पास होता है। हालांकि इसको लेकर पहले से ही अलग-अलग राय जाहिर की जा चुकी हैं। इस पूरे घटनाक्रम से विपक्ष बुरी तरह से तिलमिलाया हुआ है। इस बीच प्रधानमंत्री इमरान खान की सलाह पर राष्‍ट्रपति आरिफ अल्‍वी ने नेशनल असेंबली को भंग कर दिया है। इसके बाद देश में एक बार फिर से चुनाव कराए जाएंगे। 
स्‍पीकर के इस फैसले के बाद इमरान खान ने इस पर खुशी जताई है। उन्‍होंने कहा है कि वो देश की आवाम का धन्‍यवाद देते हैं। उन्‍होंने ये भी कहा है कि ये अविश्‍वास प्रस्‍ताव विदेशी ताकतों की साजिश पर लाया गया था। पाकिस्‍तान की आवाम को तय करना चाहिए कि देश में कौन हुकूमत करेगा। 

आपको बता दें कि विपक्ष ने पहले से ही इस बात की आशंका जता दी थी कि सरकार की तरफ से ऐसा भी किया जा सकता है। 25 मार्च को जब ये प्रस्‍ताव लाया गया था तब भी इसको लेकर विपक्ष ने अपनी आशंका जगजाहिर की थी। डिप्‍टी स्‍पीकर के प्रस्‍ताव को खारिज करने के बाद असेंबली में जबरदस्‍त हंगामा चल रहा है। जियो टीवी की मानें तो सरकार के पास जहां 144 सदस्‍यों का समर्थन हासिल था वहीं विपक्ष के पास 199 सीटों का समर्थन हासिल था। इसको देखते हुए वोटिंग होने पर परिणाम पूरी तरह से एकतरफा ही था।  पाकिस्तान के नेशनल असेंबली में आज अविश्‍वास प्रस्‍ताव पर वोटिंग होने की उम्‍मीद थी। असेंबली की कार्यवाही सुबह 11:30 बजे शुरू हुई थी। इमरान खान ने अपने सभी सांसदों, और सरकार समर्थित सांसदों को वोटिंग के दौरान नेशनल असेंबली में मौजूद रहने को कहा था। हालांकि माना जा रहा था कि इमरान अपनी कुर्सी को नहीं बचा सकेंगे। बता दें कि इससे पहले बेनेजीर भुट्टो और शौकत अजीज भी इस तरह के अविश्‍वास प्रस्‍ताव का सामना कर चुके हैं। विपक्ष ने आज ही नेशनल असेंबली के स्‍पीकर के खिलाफ भी अविश्‍वास प्रस्‍ताव असेंबली के सचिव को दिया है। डान अखबर के मुताबिक इस पर सौ से अधिक सांसदों के हस्‍ताक्षर हैं। 

इमरान खान ने अविश्‍वास प्रस्‍ताव के परिणाम को जानते हुए ही आज इस्‍लामाबाद में अपने समर्थकों को जुटने की अपील की है। पार्टी नेताओं का कहना है कि आज इस्‍लामाबाद में उनके समर्थन में एक लाख के करीब लोग जुटेंगे। ये अपनी मर्जी से यहां पर इमरान के समर्थन में आएंगे। इमरान खान ने देश के युवाओं से अपील की है कि वो विपक्ष की साजिश का हिस्‍सा न बनें और उनके हाथ मजबूत करें। इसको देखते हुए प्रशासन ने इस्‍लामाबाद में धारा 144 लगा दी है। नेशनल असेंबली के आस-पास जबरदस्‍त सुरक्षा व्‍यवस्‍था की गई है। 

पाकिस्‍तान के सूचना मंत्री ने बताया है कि केंद्र ने पंजाब के गवर्नर चौधरी मोहम्‍मद सरवार को उनकी विवादित पोस्‍ट के बाद हटा दिया गया है। उनकी जगह उमर चीमा को पंजाब का गवर्नर बनाया गया है। इससे पहले पंजाब के सीएम उस्‍मान बजदर ने अपना इस्‍तीफा दे दिया था। आज पाकिस्‍तान के पंजाब में नए सीएम को लेकर चर्चा होनी है। इसके बाद नए सीएम का एलान किया जाएगा।